काशीपुर के महुआड़खेड़ा गंज स्थित लक्ष्मी भारत गैस एजेंसी पर प्रशासन ने छापेमारी कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया है। शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने गैस वितरण व्यवस्था और अभिलेखों की गहन जांच की।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी, मनमानी और अन्य गड़बड़ियों की शिकायतें की जा रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की टीम ने एजेंसी पर अचानक छापा मारा और स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की।
प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर छापेमारी की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी की मनमानी के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments