लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से तैयार किए जा रहे थे वाहन संबंधी दस्तावेज



रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय में वाहन संबंधी काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने आरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी वाहनों को ही अपना दफ्तर बना रखा था। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम चल रहा था। आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए हैं।एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने आज थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। यहां दो अलग-अलग वाहनों में बैठे प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को पकड़ा गया। तलाशी में दोनों वाहनों से वाहन संबंधी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। एसटीएफ के अनुसार, बरामद दस्तावेजों में आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, फॉर्म-30 के साथ आधार और पैन कार्ड भी शामिल हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और एक लैपटॉप एडॉप्टर बरामद हुआ है। घटना में इस्तेमाल दोनों वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं। एसटीएफ अब इस फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने वाहन स्वामियों से रकम वसूली और इस काम में निजी लैब या अन्य कौन लोग शामिल हैं। एसटीएफ ने लोगों से आरटीओ से जुड़े काम अधिकृत माध्यमों से कराने और अनजान लोगों को दस्तावेज न सौंपने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments