Editor Desk

न्यूजीलैंड से लौटे दहेज उत्पीड़न के आरोपी को आईटीआई पुलिस ने एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार


काशीपुर। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट, नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी न्यूजीलैंड से भारत लौटते ही लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली आईटीआई में वर्ष 2024 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2024 में हरजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह,के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 323, 498ए, 506 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी के विदेश में होने की जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध 29 सितंबर 2025 को ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, नई दिल्ली द्वारा लुक आउट सर्कुलर जारी कराया गया था।
गुरुवार को आरोपी न्यूजीलैंड से आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली पहुंचा, जहां एलओसी प्रभावी होने के कारण एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं थाना आईजीआई पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई के निर्देश पर विवेचक महिला उपनिरीक्षक मीनाक्षी मनराल पुलिस टीम के साथ नई दिल्ली पहुंचीं और आरोपी को उसके पासपोर्ट सहित विधिवत कब्जे में लेकर कोतवाली आईटीआई ले आईं।पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक एवं न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक मीनाक्षी मनराल, कांस्टेबल विजय डसीला तथा पीआरडी जवान अनिल कुमार शामिल रहे।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post