निजी स्कूलों की तानाशाही पर शिक्षा विभाग मेहरबान है या सचमुच लाचार? काशीपुर के एक नामी स्कूल में फीस को लेकर उपजे विवाद के बाद जब छात्र संगठन अधिकारियों के पास पहुँचे, तो खंड शिक्षा अधिकारी का बयान हैरान करने वाला आया! बिना किसी लिखित शिकायत के कार्रवाई न करने का अजीबोगरीब तर्क देने वाले अधिकारी जी, उल्टे निजी एकेडमी के कसीदे पढ़ते दिखे! आखिर क्यों शिक्षा माफियाओं की मनमानी पर आँखें मूंदे बैठा है विभाग? देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट...
काशीपुर में 'इक ओंकार ग्लोबल एकेडमी' की मनमानी के खिलाफ जब आवाज उठी, तो खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र सिंह साहू का रुख पूरी तरह टालमटोल भरा नज़र आया। मीडिया के सामने उन्होंने साफ कहा कि बिना अभिभावकों की लिखित शिकायत या सूचना के विभाग कोई सीधी कार्रवाई नहीं कर सकता। सवाल उठता है कि क्या शिक्षा विभाग केवल लाठी और शिकायतों का इंतजार करेगा? क्या निजी स्कूलों पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी स्वयं विभाग की नहीं है? हद तो तब हो गई जब अधिकारी जी निष्पक्ष जांच करने के बजाय मीडिया के सामने उल्टे स्कूल का बचाव करते दिखे कि एकेडमी में 367 बच्चे बिना फीस दिए परीक्षा दे रहे हैं! जांच रिपोर्ट की समयसीमा भी 5 से बढ़ाकर 7 दिन बता दी गई, जिससे साफ ज़ाहिर होता है कि विभागीय शह पर ही शिक्षा माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
छात्रों के भविष्य और उनके हक की लड़ाई लड़ने के लिए छात्र संघ अध्यक्ष जतिन अपनी पूरी टीम के साथ सड़कों पर उतरे और खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। छात्र संघ अध्यक्ष जतिन का स्पष्ट कहना है कि किसी भी कीमत पर छात्रों का अहित और उनका उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि अगर निजी स्कूलों की गुंडागर्दी और मनमानी पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या बाल अधिकार संरक्षण आयोग और जिला शिक्षा विभाग ऐसे अधिकारियों के बयान का संज्ञान लेंगे? या फिर काशीपुर में अभिभावक और छात्र इसी तरह शिक्षा माफियाओं और अधिकारियों के ढुलमुल रवैये के बीच पिसते रहेंगे?
0 Comments