चालान नहीं, हेलमेट देकर एसएसपी अजय गणपति ने जीता लोगों का ध्यान! बिना हेलमेट वाहन चालकों को त्रिशूल चौक पर भेंट किए हेलमेट, सड़क सुरक्षा का दिलाया संकल्प
चित्रांश सक्सैना / संवाददाता ऊधम सिंह नगर
रुद्रपुर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अनूठी पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर एसएसपी स्वयं सड़क पर उतरे और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को चालान थमाने के बजाय हेलमेट भेंट किए गए। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को दंडित करने के बजाय उनकी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए जागरूक करना रहा।
चालक ही नहीं, पीछे बैठने वाले की सुरक्षा भी जरूरी
एसएसपी अजय गणपति ने वाहन चालकों से संवाद करते हुए दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन और परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार रहने का संदेश दिया।
हेलमेट पहनने और नियमों के पालन का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में वाहन चालकों एवं उपस्थित लोगों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस की इस पहल के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, यातायात निरीक्षक रुद्रपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ऊधम सिंह नगर पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था सुरक्षित बनाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
0 Comments