दिल्ली-मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है।
यातायात का दबाव अधिक होने पर वाहनों को नारसन, मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर बाईपास, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर डायवर्जन किया जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून जाने वाले वाहनों को रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा।
नजीबाबाद और देहरादून से आने वालों के लिए अलग रूट
मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को नजीबाबाद, चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडी चौकी और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। बड़े वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार डायवर्ट कर गौरीशंकर एवं नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से स्नान के लिए आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार लाया जाएगा। इन वाहनों के लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं देहरादून एवं ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ की ओर से मेरठ-दिल्ली जाने वाले वाहनों को चंडी चौक से एनएच-344 के रास्ते भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौक, चंडी चौकी और श्यामपुर होते हुए नजीबाबाद भेजा जाएगा।
ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रहेगी पाबंदी
स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को फोरलेन जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारियां उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा।
ज्वालापुर और बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इन्हें रानीपुर मोड़, देवपुरा, टिबड़ी फाटक और अन्य निर्धारित मार्गों से संचालित किया जाएगा। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और शिवमूर्ति तिराहे से तुलसी चौक की ओर यू-टर्न लेकर कनखल की तरफ जाने की व्यवस्था रहेगी।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, विक्रम, ऑटो रिक्शा और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक सभी ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के मद्देनजर 23 नवंबर 2026 की रात्रि 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। स्नान के दौरान असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
0 Comments