बता दें कि उधम सिंह नगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए हैं. इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है. यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में की गई है.
अवैध मिट्टी खनन पर एक्शन: जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन से संबंधित जानकारी सामने आई थी. जिसका एसएसपी अजय गणपति ने गंभीरता से संज्ञान लिया और मामले की समीक्षा कराई. जांच में पाया गया कि क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन संबंधित पुलिसकर्मियों ने इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया.
शक्तिफार्म चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर: इसके साथ ही ड्यूटी के प्रति उदासीनता और लापरवाही भी सामने आई. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट समेत वहां तैनात कुल 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए.
"अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जो दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, उनका सख्ती से पालन करना अनिवार्य है. यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना भी है. ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा."- अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर
एसएसपी गणपति की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल देखने को मिल रही है. साथ ही ये संदेश भी गया है कि जिले में अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
0 Comments