रामनगर: हल्द्वानी–रामनगर राज्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। बेलगढ़ के पास करीब सुबह 11 बजे दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात को सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वेगनआर कार (UK04X 5944) और स्विफ्ट डिजायर (UK14TA 8715) के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वेगनआर रामनगर की ओर से आ रही थी, जबकि टैक्सी परमिट वाली स्विफ्ट डिजायर हल्द्वानी से रामनगर की ओर जा रही थी।
स्विफ्ट डिजायर के चालक विजय बिष्ट ने बताया कि वह हल्द्वानी से रामनगर की ओर अपने वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान बेलगढ़ के पास सामने से आ रही वेगनआर कार ने तेज रफ्तार में एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे उनकी गाड़ी से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, स्विफ्ट डिजायर में लगे एयरबैग खुलने से चालक विजय बिष्ट को गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। उन्होंने बताया कि यदि एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
दुर्घटना में वेगनआर कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट डिजायर टैक्सी ऋषिकेश की है, जबकि वेगनआर रामनगर क्षेत्र की बताई जा रही है।
हादसे के बाद रामनगर–हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
0 Comments