Editor Desk

बरेली में PNG गैस चोरी का खुलासा:पाइप जोड़कर बाईपास से लेते थे गैस, 3 आरोपी गिरफ्तार

बरेली के इज्जतनगर थाना पुलिस ने गैस चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से गैस चोरी में इस्तेमाल किया गया पाइप भी बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड के सीनियर मैनेजर जितेंद्र गौतम ने 28 अप्रैल को एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पीरबहोड़ा क्षेत्र में पाइप नेचुरल गैस (PNG) लाइन को नुकसान पहुँचाकर और मीटर-रेगुलेटर को बाईपास करके अवैध रूप से गैस चोरी की जा रही है। इससे जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है।

इस शिकायत के आधार पर इज्जतनगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सफरुद्दीन, मुस्तफा खां उर्फ मुस्ताक खां और अनुज सक्सेना के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर गैस चोरी में इस्तेमाल किया गया पाइप भी बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के गैस कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण बंद हो गए थे। इसके बाद अनुज सक्सेना ने अपने साथी के साथ मिलकर अवैध रूप से पाइप के जरिए गैस लाइन जोड़ दी थी। इस अवैध कनेक्शन के बदले प्रति माह 500 रुपये वसूले जाते थे और चेकिंग की सूचना पहले से देने का आश्वासन भी दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पिछले कई महीनों से इस अवैध तरीके से गैस का उपयोग किया। मुख्य आरोपी सफरुद्दीन के बेटे ने भी गैस लाइन जोड़ने का तरीका सीख लिया था और वह समय-समय पर कनेक्शन चालू कर देता था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम, उपनिरीक्षक संजय कुमार और कांस्टेबल मनीष मलिक की टीम शामिल थी।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post