संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
काशीपुर। हरिद्वार कांवड़ मेले में ड्यूटी के दौरान एक बार फिर काशीपुर के पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह का मानवीय और सेवा भाव से जुड़ा चेहरा देखने को मिला। उन्होंने अपनी पुलिस टीम के साथ शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी आस्था का सम्मान बढ़ाया।
कांवड़ यात्रा के दौरान एसपी स्वप्न किशोर स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी निरीक्षण किया। पुष्प वर्षा होते ही शिवभक्तों ने "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने पुलिस के इस सम्मानजनक व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अपनापन मजबूत होता है। कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं का सम्मान भी पुलिस की प्राथमिकता बना हुआ है।