Editor Desk

Uttarakhand News: उत्तराखंड में अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने रचा इतिहास, ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ की सफल ट्रायल उड़ान




उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले रवि टम्टा ने अपने तकनीकी कौशल और नवाचार से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रवि टम्टा ने खुद तैयार किए ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ (Hapida Skynex) नामक सिंगल-सीटर फ्लाइंग व्हीकल की सफल ट्रायल उड़ान भरकर नई मिसाल पेश की। पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावर से संचालित इस फ्लाइंग डिवाइस को सीमित संसाधनों में तैयार किया गया है, जिसे भविष्य की स्वच्छ और सतत तकनीक की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित ट्रायल के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा के आवश्यक मानकों का ध्यान रखते हुए रवि टम्टा ने हैपिडा स्काइनेक्स को सफलतापूर्वक उड़ाया। डिवाइस की डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रही।

रवि टम्टा की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए उनसे बातचीत की और इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नवाचार उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। उन्होंने रवि टम्टा के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वहीं, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इस उपलब्धि को अल्मोड़ा जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं के ऐसे प्रयास युवाओं को नई सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रशासन की ओर से भी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post