उत्तराखंड की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच लगभग 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित पत्र और उसे लेकर चले राजनीतिक घटनाक्रम के बीच इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन मुख्यमंत्री की इस अचानक मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच संवाद से कई अटकलों पर विराम लग सकता है।
सूत्रों के मुताबिक मुलाकात के दौरान संगठन, सरकार और क्षेत्रीय राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वायरल पत्र प्रकरण के बाद पहली बार मुख्यमंत्री और विधायक अरविंद पांडे की इस तरह आमने-सामने हुई लंबी बातचीत ने सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस मुलाकात के बाद भाजपा की ओर से क्या संदेश सामने आता है।