🔴 66 हजार रुपये लेने पहुंचे ठेकेदार से मारपीट, 5-6 अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप
ईंट सप्लाई का भुगतान लेने गए व्यक्ति के साथ मारपीट, पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
काशीपुर। आईटीआई क्षेत्र के जसपुर खुर्द स्थित बांसियोंवाला मंदिर के पास एक ठेकेदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सरवरखेड़ा निवासी नंद किशोर, जो ठेकेदारी का कार्य करते हैं, 3 जून को सुबह करीब 11:30 बजे जसपुर खुर्द स्थित एक निर्माण स्थल पर सप्लाई की गई 5000 ईंटों का भुगतान लेने पहुंचे थे। तहरीर के अनुसार भुगतान की राशि लगभग 66 हजार रुपये थी।
आरोप है कि भुगतान लेने के दौरान वहां मौजूद 5-6 अज्ञात लोगों ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने नरेन्द्र किशोर के साथ मारपीट कर दी तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में उनके शरीर पर कई चोटें आई हैं।
पीड़ित की पुत्री नेहा पाल ने कोतवाली आईटीआई में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।