मालधन चौड़ स्थित डेरा श्री हरिधाम के प्रमुख गुरजंट सिंह महाराज ने अपनी टीम के साथ देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास के कैंप कार्यालय में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान महाराज ने मालधन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की।
बैठक में क्षेत्र के विकास, धार्मिक गतिविधियों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। गुरजंट सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री को बताया कि डेरा श्री हरिधाम भगवान शिव की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रत्येक पूर्णिमा पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
महाराज ने कहा कि डेरा श्री हरिधाम में सनातन संस्कृति, धार्मिक संस्कारों और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को डेरा परिसर में स्थापित शिवलिंग और यहां की धार्मिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डेरा श्री हरिधाम की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने भविष्य में डेरा श्री हरिधाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन करने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर डेरा श्री हरिधाम के अध्यक्ष मलकीत सिंह, निजी सचिव हैरी सिंह, वरिष्ठ पत्रकार के.आर. वर्मा, जसवीर सिंह, करन सिंह सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।