सड़क हादसा नहीं, निकली सुनियोजित हत्या! जसपुर पुलिस ने 48 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
जसपुर। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में सड़क हादसे के रूप में सामने आए मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में यह दुर्घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश में की गई सुनियोजित हत्या निकली। जसपुर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक घायल हुए थे। प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन उपचार के दौरान नितिन कुमार की मौत के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए तहरीर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर घटना का खुलासा करते हुए पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते कार से मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मारने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा है कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।