बिजली शटडाउन से तहसील का काम ठप, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में सेवाएं बाधित
काशीपुर। बिजली शटडाउन के कारण काशीपुर तहसील में सोमवार को कामकाज प्रभावित रहा। बिजली आपूर्ति बंद होने से ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय की ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं, जिससे प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
बिजली नहीं होने से कंप्यूटर सिस्टम और ऑनलाइन पोर्टल बंद रहे, जिसके चलते तहसील का अधिकांश कार्य रुक गया। दूर-दराज से पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग बिना काम कराए लौट गए।
लोगों का कहना है कि शटडाउन के दौरान वैकल्पिक बिजली व्यवस्था नहीं होने से सरकारी कार्य पूरी तरह ठप हो जाते हैं। ऐसे में बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।