Editor Desk

थाना दिवस पर एसएसपी अजय गणपति का अनोखा अंदाज, बांग्ला भाषा में किया जनसंवाद



थाना दिवस पर एसएसपी अजय गणपति का अनोखा अंदाज, बांग्ला भाषा में किया जनसंवाद


स्थानीय भाषा में सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर ही अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने थाना दिवस के दौरान एक बार फिर अपने जनहितैषी और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया। थाना दिनेशपुर में आयोजित थाना दिवस में एसएसपी ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान उस समय आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब एसएसपी अजय गणपति ने बंगाली समाज के लोगों से उनकी मातृभाषा बांग्ला में संवाद किया। अपनी भाषा में बातचीत होने से लोगों ने बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। एसएसपी के इस व्यवहार की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

जनसुनवाई के दौरान यातायात व्यवस्था, नशे से जुड़ी शिकायतें और अन्य स्थानीय समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर उसका प्रभाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

थाना दिवस के दौरान पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की पहल को लोगों ने सकारात्मक कदम बताया।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post