काशीपुर में तेज रफ्तार डंपर ने ली Blinkit डिलीवरी पार्टनर की जान, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
लोकेशन: काशीपुर
संवाददाता: चित्रांश सक्सैना
काशीपुर। काशीपुर में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय Blinkit डिलीवरी पार्टनर अभिषेक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अभिषेक काशीपुर से गंगे बाबा क्षेत्र की ओर डिलीवरी देने जा रहा था, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
इस घटना ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बेलगाम दौड़ रहे डंपरों पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और डंपर चालक की तलाश में जुटी है।