जंतर मंतर पर वायरल वीडियो का सच: उत्तराखंड पुलिस का सिपाही निकला गैंगस्टर, कई मामलों में जा चुका है जेल
नई दिल्ली/उत्तराखंड। जंतर मंतर पर उत्तराखंड में पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर विवादित बयान देने वाले व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड पुलिस के एक सिपाही के रूप में हुई है। पुलिस विभाग के अनुसार संबंधित सिपाही के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी आरोपी रहा है।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती द्वारा जारी वीडियो बयान में बताया गया कि संबंधित सिपाही पिछले लगभग एक वर्ष से विभाग से अनुपस्थित है। उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रचलित है। पुलिस के अनुसार वह विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल भी जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह व्यक्ति उत्तराखंड की भर्ती प्रक्रिया को लेकर दावा करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसके व्यक्तिगत बयान को विभाग का आधिकारिक पक्ष न माना जाए। मामले में आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जा रही है।