**काशीपुर में बिजली संकट से ग्रामीण बेहाल, रातभर की कटौती बनी जनता की सबसे बड़ी परेशानी**
काशीपुर में बिजली विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शहरों में जहां नियमित बिजली आपूर्ति की जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लोग घंटों की अघोषित कटौती से परेशान हैं। भीषण गर्मी में पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
काशीपुर के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। रातभर बिजली गुल रहने के कारण लोग गर्मी में सो नहीं पा रहे हैं और छोटे बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि अधिकारी शिकायतों के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब उत्तराखंड दूसरे राज्यों को बिजली उपलब्ध करा सकता है, तो अपने ही गांवों में निर्बाध बिजली आपूर्ति क्यों नहीं हो पा रही? उनका कहना है कि जिन राज्यों को बिजली दी जा रही है, वहां की व्यवस्था यहां से बेहतर दिखाई देती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कब तक इस बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा? और क्या बिजली विभाग आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर लोग इसी तरह भीषण गर्मी में परेशान होते रहेंगे?