काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति एक बार फिर अपने सख्त और जवाबदेह कार्यशैली को लेकर चर्चा में हैं। देर रात फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एसएसपी स्वयं निजी वाहन से हाईवे पर चेकिंग व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े। इस दौरान कई चेकिंग प्वाइंटों पर ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आई।
निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताई। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। संदेश साफ है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में शिथिलता बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उनकी इस सख्त कार्यशैली से जहां पुलिस महकमे में अनुशासन का संदेश गया है, वहीं अपराधियों में भी पुलिस का खौफ लगातार बढ़ रहा है।