राधे हरि कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस की बैठक, आचार संहिता के पालन के निर्देश
चुनाव प्रचार में हुड़दंग, काफिले, स्टंट और हूटर पर पुलिस की सख्ती; उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
काशीपुर। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने कॉलेज प्रशासन, छात्र-छात्राओं और संभावित प्रत्याशियों के साथ बैठक की।
बैठक में कॉलेज परिसर एवं आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही चुनाव आचार संहिता और लिंगदोह समिति की सिफारिशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने छात्र-छात्राओं और संभावित प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के दौरान अराजकता, हुड़दंग, नारेबाजी और विवाद से बचने की हिदायत दी। साथ ही कॉलेज परिसर अथवा मुख्य मार्गों पर वाहनों के काफिले निकालने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, स्टंट करने तथा हूटर या सायरन बजाने जैसी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया।
इसके अलावा कॉलेज की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने और केवल निर्धारित स्थानों पर ही प्रचार सामग्री लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने अथवा चुनाव आचार संहिता की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुमिता, चुनाव प्रभारी, छात्र-छात्राएं एवं संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।