143 के आवेदनों पर सख्त दिखे कुमाऊं कमिश्नर, 4 मामलों में मांगा स्पष्टीकरण
मैनुअल आवेदनों की रिकॉर्डिंग में मिली अनियमितताएं, सवालों पर अधिकारियों के छूटे पसीने
संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
काशीपुर। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सोमवार को काशीपुर पहुंचकर एसडीएम कार्यालय और तहसील का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 143 से जुड़े आवेदनों, अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की बारीकी से जांच की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों से मामलों की स्थिति और उनके निस्तारण को लेकर सीधे सवाल किए।
एसडीएम कार्यालय के निरीक्षण के बाद कुमाऊं कमिश्नर तहसील काशीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने तहसील स्तर पर रखी गई विभिन्न फाइलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मैनुअल रूप से प्राप्त आवेदनों को रिकॉर्ड करने की प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आईं। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों से प्रक्रिया को लेकर जानकारी ली और अभिलेखों की स्थिति की पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान भूमि संबंधी मामलों की फाइलों की भी जांच की गई। एक प्रकरण में आवेदन किए जाने से पूर्व ही संबंधित भूमि पर मौके पर जाकर निरीक्षण किए जाने का मामला सामने आया। अभिलेखों की जांच में आवेदन की तिथि और मौके पर किए गए निरीक्षण को लेकर सवाल खड़े हुए, जिस पर कमिश्नर ने संबंधित से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
इसके बाद कुमाऊं कमिश्नर प्रशासनिक कक्ष में पहुंचे, जहां कानूनगो अरुण चौहान और कानूनगो शिशुपाल के अधीन भूमि संबंधी मामलों की फाइलों का निरीक्षण किया गया।
कानूनगो शिशुपाल के अधीन उमेश गुप्ता से संबंधित फाइल की जांच के दौरान अभिलेखों में दर्ज जानकारी के अनुसार आवेदन की तिथि से पहले ही संबंधित भूमि का मौके पर निरीक्षण किया जा चुका था। मामले को लेकर कुमाऊं कमिश्नर ने संबंधित से स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुल 4 मामलों में स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं 143 से जुड़े आवेदनों की प्रक्रिया, मैनुअल आवेदनों की रिकॉर्डिंग और लंबित प्रकरणों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कुमाऊं कमिश्नर के निरीक्षण के बाद तहसील स्तर पर संबंधित मामलों की जांच जारी है। अधिकारियों से लंबित प्रकरणों और अभिलेखों को लेकर जवाब मांगे जा रहे हैं।