कुमाऊं में पुलिस में बड़ा फेरबदल, 29 निरीक्षकों के हुए तबादले




काशीपुर। उत्तराखंड पुलिस महकमे में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के मद्देनजर कुमाऊं परिक्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कुमाऊं रेंज की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने 29 निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस तबादला सूची में ऊधमसिंह नगर जिले से 12 इंस्पेक्टरों को हटाकर पहाड़ी जनपदों में भेजा गया है। इस फेरबदल के बाद जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, एक ही जनपद में लंबे समय से तैनात और पिछले चार वर्षों में एक ही जनपद में कार्यरत रहे पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण किए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया जा रहा है।
ऊधमसिंह नगर से इन 12 इंस्पेक्टरों का हुआ तबादला
तबादला सूची में ऊधमसिंह नगर से नरेश चौहान, हरेंद्र चौधरी, संजय पाठक, वसंती आर्या, भूपेंद्र सिंह बुजवाल, प्रकाश सिंह, राजेंद्र सिंह डांगी, अशोक कुमार समेत कुल 12 निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। इनके अलावा धीरेंद्र कुमार, मनोहर दसौनी, बिजेंद्र साह और श्याम सिंह रावत को भी दूसरे जनपदों में भेजा गया है।
इन अधिकारियों को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर जैसे जनपदों में नई तैनाती दी गई है। वहीं, अन्य जनपदों के निरीक्षकों को भी आपसी प्रशासनिक फेरबदल के तहत अलग-अलग जिलों में स्थानांतरित किया गया है।
चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 से पहले कुमाऊं मंडल में पुलिस अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से एक ही जिले में तैनात निरीक्षकों को हटाकर नए जनपदों में जिम्मेदारी सौंपने का फैसला पुलिस प्रशासन की चुनावी तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है

आईजी निवेदिता कुकरेती ने संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनकी नई तैनाती सुनिश्चित कराई जाए।

Post a Comment

0 Comments