काशीपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने शहीद चौक पर लगाया जाम

  काशीपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने शहीद चौक पर लगाया जाम
चित्रांश सक्सैना, ऊधम सिंह नगर

- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के शहीद चौक पर मृतक का शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

दरअसल, पूरा मामला काशीपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है, जहां देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान काशीपुर के हरिनगर निवासी लगभग 38 वर्षीय चंद्रशेखर उर्फ भोला, पुत्र हरिश्चंद्र शर्मा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर कुंडेश्वरी स्थित अक्षय पात्रा कंपनी में पिछले करीब पांच वर्षों से सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। सड़क हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को शहीद चौक पर रखकर सड़क जाम कर दी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हादसे के बाद भी पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उनकी मांग है कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को न्याय दिलाया जाए।


Post a Comment

0 Comments