रामपुरम कॉलोनी में गुलदार का आतंक: CCTV में कैद हुई चहलकदमी, दहशत में लोग!
रात 8 बजे कॉलोनी में घूमता दिखा गुलदार: बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता!
वन विभाग अलर्ट मोड पर: 8 जगह लगाए पिंजरे, लगातार की जा रही गश्त!
काशीपुर की रामपुरम कॉलोनी में गुलदार की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है जहां बीते शुक्रवार रात करीब 8 बजे गुलदार की चहलकदमी कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, फुटेज में गुलदार को एक खाली पड़े प्लॉट में घूमते हुए साफ देखा जा सकता है जिसके बाद से इलाके में डर और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं,
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार गुलदार दिखने से रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर खास चिंता बनी हुई है, घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है, लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार का घूमना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है,
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने भी कार्रवाई तेज कर दी है, वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र रजवार के अनुसार इलाके में 8 अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं और वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और बच्चों को भी घर से बाहर न भेजें,
बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से द्रोणा सागर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हैं, हालांकि वन विभाग कई गुलदारों को पहले भी पकड़ चुका है लेकिन आबादी वाले क्षेत्रों में बार-बार गुलदार की मौजूदगी अब लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बनती जा रही है
चित्रांश सक्सेना की रिपोर्ट...