साप्ताहिक परेड में अनुशासन, फिटनेस और ईमानदार पुलिसिंग पर दिया जोर, बर्खास्तगी तक की चेतावनी
संवाददाता: चित्रांश सक्सैना / ऊधम सिंह नगर
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में बर्खास्तगी तक की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यशैली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का नशा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
इस दौरान अपराधियों, माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, ईमानदारी और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए कहा गया।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस को भी प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है और प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित कर सकता है।
एसएसपी अजय गणपति का संदेश:
"पुलिस विभाग में अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का नशा, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।"