उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों और प्रभावी पुलिसिंग के लिए प्रदान किया प्रतीक चिह्न, नशा मुक्ति अभियान की भी सराहना
संवाददाता: चित्रांश सक्सैना
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अपने अल्मोड़ा प्रवास के दौरान जनपद के जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह की कार्यशैली, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रशासन द्वारा विकास कार्यों को गति देने और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने विशेष रूप से जनपद में संचालित नशा मुक्ति केंद्र की प्रशंसा करते हुए इसे समाज हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए लोक भवन की ओर से नशा मुक्ति केंद्र को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के नेतृत्व में जनपद में बेहतर कानून व्यवस्था, जनसहभागिता और जनहितकारी पुलिसिंग की भी राज्यपाल ने सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दोनों अधिकारियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा करने की अपेक्षा व्यक्त की।