संवाददाता: चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
सुभाष नगर में दिनभर बाधित रही बिजली, हेल्पलाइन ने कहा—'बिजलीघर से संपर्क नहीं हो पा रहा'
काशीपुर। सुभाष नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसके बाद भी रात के समय कई बार बिजली कटौती की गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी लेने के लिए UPCL की हेल्पलाइन 18004190405 पर संपर्क किया गया। हेल्पलाइन पर दो मिनट से अधिक समय तक कॉल प्रतीक्षा में रहने के बाद जवाब मिला कि संबंधित बिजलीघर से संपर्क नहीं हो पा रहा है और कुछ देर बाद दोबारा कॉल करने को कहा गया।
उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब हेल्पलाइन का उद्देश्य त्वरित शिकायत निवारण और सूचना उपलब्ध कराना है, तो संबंधित बिजलीघर से संपर्क न हो पाने की स्थिति में आम जनता को सही जानकारी कैसे मिलेगी। लगातार बिजली कटौती और शिकायतों के समाधान में देरी से लोगों में रोष बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने विभाग से बिजली आपूर्ति को सुचारू रखने के साथ-साथ हेल्पलाइन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सही जानकारी और समाधान मिल सके।