अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल, UPCL व्यवस्था पूरी तरह फेल — अलका पाल
संवाददाता: चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग
काशीपुर। काशीपुर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
अलका पाल ने कहा कि कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी जा रही है। हेल्पलाइन व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अघोषित बिजली कटौती के कारण व्यापार, घरेलू कार्य और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने मांग की कि बिजली विभाग बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए तथा उपभोक्ताओं को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराए।
अलका पाल ने कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।