रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के गदरपुर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्कॉर्पियो सवार हमलावरों पर एक कार का पीछा करते हुए 15 से 25 राउंड फायरिंग करने का आरोप है. घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी. जबकि, कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी. पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
दरअसल, गदरपुर थाना क्षेत्र के सरदार नगर में रविवार शाम हुई स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक कार का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना में गुरुचरण उर्फ गगन उप्पल के पैर में गोली लग गई. जबकि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार बदमाश हथियारों और तलवारों से लैस थे. आरोप है कि उन्होंने कार का पीछा करते हुए कई राउंड फायरिंग की और लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं. घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.
स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार का पीछा कर दागी गोलियां: घायल गगन उप्पल ने पुलिस को बताया कि वो अपने साथियों के साथ रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूर तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
जान बचाने के प्रयास में चालक ने कार को तेजी से भगाया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर नाले में जा गिरा. इसी दौरान चली एक गोली गगन के पैर में लग गई. पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल रुद्रपुर भेजा गया. हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शी सौरभ बाबा ने बताया कि वो तीन अन्य लोगों के साथ कार में सवार थे. उनके अनुसार स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने करीब 15 से 25 राउंड फायरिंग की. फायरिंग के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई. उन्होंने बताया कि घटना शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच की है. सौरभ का कहना है कि लगभग एक साल पहले एक मेले में हुए विवाद के बाद कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे. इस संबंध में उन्होंने पहले भी गदरपुर पुलिस को कई बार तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
"फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है. घायल को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है."- अखिलेश सिंह, सीओ बाजपुर
सीओ अखिलेश सिंह ने भरोसा दिलाया कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल, पूरे क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है.