काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के कई पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने 63 विधानसभा काशीपुर की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज आपत्तियों को लेकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार बूथ संख्या 124, 122, 135, 137, 31, 207, 193 सहित 30 से अधिक मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। पार्षदों का कहना है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़ी संख्या में एक साथ आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि सभी आपत्तियों की जांच के लिए सक्षम समिति गठित की जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल आपत्ति के आधार पर मतदाता सूची से न हटाया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या साजिश सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ निर्वाचन कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान पार्षद अब्दुल कादिर, रशीद फारुकी, सरफराज हुसैन, सादिक हुसैन, शाह आलम, हनीफ गुड्डू और मोहम्मद आरिफ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।