रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना 7 अगस्त की रात की है।
शिकायत के मुताबिक स्कूटी से जा रहे अभिषेक और जतिन को पीछे से आई स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने उनके साथ मारपीट की और अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 11 अगस्त को पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।