काशीपुर में दर्दनाक हादसा: मंदिर से लौट रही महिला को हाइड्रा ने कुचला, मौके पर मौत
संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
काशीपुर। काशीपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शिव मंदिर के पास रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोज की तरह मंदिर से दर्शन कर लौट रही एक महिला को हाइड्रा वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान राजकुमारी यादव के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ ही हाइड्रा वाहन चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।