Editor Desk

केदारनाथ हेली सेवा की दूसरी बुकिंग जल्द, जून के पहले सप्ताह में खुलेगा नया स्लॉट



देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दूसरा स्लॉट जून के पहले सप्ताह में खोले जाने की तैयारी की जा रही है। इस चरण में 15 जून के बाद की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग की जाएगी।उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने चारधाम यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पहले चरण की बुकिंग 15 अप्रैल को शुरू की थी। उस दौरान 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा अवधि के लिए ऑनलाइन टिकट जारी किए गए थे। श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बुकिंग शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर 33 हजार से अधिक टिकट आरक्षित हो गए थे।पहले चरण की रिकॉर्ड बुकिंग के बाद अब यूकाडा दूसरे चरण की तैयारी में जुट गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु 15 जून के बाद की यात्रा के लिए बुकिंग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। इसी को देखते हुए विभाग जल्द ही नई तिथि घोषित करने जा रहा है, ताकि यात्री समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना सकें।यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा की अगली बुकिंग के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जून के पहले सप्ताह में ऑनलाइन टिकट बुकिंग का नया स्लॉट खोला जाएगा, जिसकी आधिकारिक तिथि शीघ्र जारी की जाएगी।चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ हेली सेवा विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और कम समय में यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। ऐसे में आगामी स्लॉट खुलने के साथ ही एक बार फिर बड़ी संख्या में टिकटों की बुकिंग होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post