Editor Desk

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कैंची धाम में टेका माथा, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

बाबा नीब करौरी महाराज के श्रीचरणों में किया नमन, सेवा और मानवता के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

संवाददाता: चित्रांश सक्सैना


नैनीताल। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने आज पावन श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।


इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन सेवा, करुणा, भक्ति और मानवता के उच्चतम आदर्शों का प्रतीक है। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी लाखों श्रद्धालुओं को जनसेवा और आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा प्रदान कर रही हैं।


राज्यपाल ने कहा कि कैंची धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति, सकारात्मकता और लोकमंगल की भावना से जोड़ता है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होती है।


उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं सेवा की भावना निरंतर बढ़ती रहे।
कैंची धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश की खुशहाली, विकास और नागरिकों के कल्याण की भी कामना की।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post