गर्मियों में बर्फ वाला गन्ने का जूस पड़ सकता है भारी, बढ़ सकता है पीलिया का खतरा
खुले में बिकने वाले जूस और दूषित बर्फ से फैल सकते हैं संक्रमण, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बरतने को कहा सावधानी
संवाददाता: चित्रांश सक्सैना / काशीपुर
काशीपुर। गर्मियों के मौसम में राहत पाने के लिए लोग बड़ी संख्या में गन्ने के जूस का सेवन करते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि अस्वच्छ तरीके से तैयार किया गया और दूषित बर्फ मिलाकर बेचा जाने वाला गन्ने का जूस स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार कई स्थानों पर जूस में इस्तेमाल होने वाली बर्फ साफ पानी से तैयार नहीं की जाती। इसके अलावा जूस मशीनों की नियमित सफाई न होने और खुले वातावरण में जूस तैयार किए जाने से बैक्टीरिया एवं वायरस पनपने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में हेपेटाइटिस-ए, पीलिया, टाइफाइड, दस्त और पेट संबंधी संक्रमण फैल सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े जानकारों का कहना है कि गर्मियों में सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों के सेवन में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जूस पीते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बर्फ स्वच्छ पानी से बनी हो और जूस तैयार करने वाले स्थान पर साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा हो।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि प्यास बुझाने और गर्मी से राहत पाने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेय पदार्थों का ही सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की अस्वच्छ खाद्य सामग्री से बचें।
गर्मी के इस मौसम में थोड़ी सी सावधानी गंभीर बीमारियों से बचाव का कारण बन सकती है।