Editor Desk

नशा तस्करों पर SSP अजय गणपति का बड़ा प्रहार, हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह का अवैध साम्राज्य ध्वस्त


50 लाख से अधिक मूल्य की सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त, संयुक्त कार्रवाई में चला बुलडोजर



नानकमत्ता/ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर करीब दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त जांच में सामने आया कि तारा सिंह और उसके परिजनों द्वारा नानकसागर बांध क्षेत्र की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण किया गया था। आरोप है कि इस स्थान का उपयोग लंबे समय से नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।


नोटिस और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना को भी हटाया गया।


पुलिस के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है। तारा सिंह पर डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post