टॉप हेडलाइन:
कोतवाली परिसर में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 95 पुलिसकर्मियों व परिजनों ने कराया परीक्षण
सबहेड:
लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर और केवीआर हॉस्पिटल की पहल, एएसपी और सीओ ने किया शुभारंभ
संवाददाता: चित्रांश सक्सेना / काशीपुर
काशीपुर। लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर और केवीआर हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 95 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर का शुभारंभ एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ प्रशांत कुमार और निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी पहल बताया।
स्वास्थ्य शिविर में फिजिशियन परामर्श, आंखों की जांच, बीएमडी टेस्ट, ईएनटी एंडोस्कोपी, ईसीजी, शुगर तथा एलएफटी/केएफटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए।
एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी काफी तनावपूर्ण और व्यस्त रहती है, ऐसे में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बेहद लाभकारी साबित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब की ओर से पुलिस अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित भी किया गया। क्लब अध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि संस्था भविष्य में भी जनहित और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस मौके पर डॉ. तरुण सोलंकी, अनुराग सोलंकी, विवेक पैगिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।