Editor Desk

मॉडलिंग का सपना दिखाकर जाल में फंसाने का आरोप, फिर सड़क किनारे मिला 18 वर्षीय छात्रा का शव

मॉडलिंग का सपना दिखाकर जाल में फंसाने का आरोप, फिर सड़क किनारे मिला 18 वर्षीय छात्रा का शव
रामनगर रोड पर संदिग्ध हालात में मिली कांति की लाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

संवाददाता चित्रांश सक्सैना / काशीपुर

काशीपुर। रामनगर रोड पर गुरुवार को 18 वर्षीय छात्रा कांति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतका की पहचान कांति पुत्री गुच्ची झा के रूप में हुई है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मॉडलिंग का सपना दिखाने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले कांति रामनगर रोड क्षेत्र के रमपुरा निवासी जॉनी के संपर्क में आई थी। मृतका की मां बिंदुल देवी ने आरोप लगाया कि जॉनी ने उनकी बेटी को मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सपना दिखाकर अपने संपर्क में लिया था।

परिवार का कहना है कि इसके बाद जॉनी को लेकर घर में विवाद होने लगा। आरोप है कि वह कांति से कहता था कि उसके परिवार वाले उसके भविष्य के लिए अच्छा नहीं सोचते और वह उसे मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे ले जाएगा।

5 जुलाई को भी हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, 5 जुलाई को कांति के जन्मदिन के दिन भी जॉनी को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई थी। अब छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

22 साल से काशीपुर में रह रहा परिवार

मृतका का परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और पिछले करीब 22 वर्षों से काशीपुर के आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुरम के पास डिफेंस कॉलोनी में रह रहा है। कांति ने इसी वर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज, काशीपुर से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जॉनी से कांति के संपर्क, परिजनों के आरोप और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

फॉरेंसिक जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Post a Comment

Thank you for connecting with network 80 Media group.

Previous Post Next Post