काशीपुर। बासफोड़ान क्षेत्र में शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान की छत अचानक गिरने से दो सगे भाई मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, शकील पुत्र जमील और जाकिर पुत्र जमील, दोनों निवासी खालीक कॉलोनी, काशीपुर, अपने घर के निर्माण कार्य में राजमिस्त्री के साथ मदद कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन छत भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों भाई आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में जाकिर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उसके भाई शकील का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक शकील की स्थिति फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
एक ही परिवार के दो भाइयों के हादसे का शिकार होने और एक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।